स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाए जाने पर भूपेश बघेल का तंज, बोले- वनवास खत्म हुआ, घायल शेरनी हैं…

Raipur News: छत्तीसगढ़ में भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी के तौर पर स्मृति ईरानी की नियुक्ति के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दिए जाने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी का ‘वनवास खत्म’ हुआ है और अब देखना होगा कि छत्तीसगढ़ आने के बाद वह किसे हटाती हैं।
भूपेश बघेल ने कहा, “स्मृति ईरानी का वनवास खत्म हुआ है। चोट खाई हुई स्मृति ईरानी हैं, घायल शेरनी हैं। यहां आने के बाद किसको हटाती हैं, यह देखना होगा।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।
छत्तीसगढ़ BJP संगठन में बड़ा फेरबदल, कर्मवीर बने प्रदेश महामंत्री; पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी
सिलेंडर की कीमत को लेकर भी साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने स्मृति ईरानी के पुराने चुनावी मुद्दों का जिक्र करते हुए गैस सिलेंडर की कीमत को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी सिलेंडर लेकर बैठी थीं और मोदी की गारंटी के तहत 500 रुपये में सिलेंडर देने की बात कही गई थी।
बघेल ने इस मुद्दे को महंगाई और भाजपा की चुनावी गारंटियों से जोड़ते हुए सरकार पर सवाल उठाए।
किसानों की स्थिति को लेकर सरकार पर आरोप
कोरबा में किसानों की आत्महत्या के मुद्दे पर भी भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसान मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं और सरकार किसानों का धान खरीदना नहीं चाहती।
उन्होंने कहा कि किसानों का धान खरीदने से बचने के लिए कई तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की स्थिति खराब होने के कारणों की जांच की जानी चाहिए।
काफिले पर पथराव को लेकर भी सरकार पर निशाना
असम दौरे से लौटे भूपेश बघेल ने अपने काफिले पर हुए पथराव की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सांसद रकीबुल हुसैन ने पुलिस अधीक्षक को पहले ही घटना की जानकारी दी थी। उनके मुताबिक, एसपी और अतिरिक्त एसपी ने सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया था।
बघेल ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान कुछ लोग काले और भाजपा के झंडे लिए हुए थे। उन्होंने काफिले पर पथराव, ग्लास बम और एसिड फेंके जाने का भी दावा किया। बघेल ने कहा कि भाजपा कांग्रेस को डराना चाहती है, लेकिन इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ है।
परीक्षा पेपर वायरल होने पर शिक्षा विभाग पर सवाल
स्कूली बच्चों के परीक्षा पेपर व्हाट्सऐप पर वायरल होने के मामले पर भी भूपेश बघेल ने शिक्षा विभाग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विभाग में किसी तरह का नियंत्रण नहीं है।
बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारी ‘दिया जलाने’ में व्यस्त हैं, ऐसे में परीक्षा के पेपर व्हाट्सऐप पर वायरल होना कोई बड़ी बात नहीं है।





