छत्तीसगढ़ में बड़ी लूट: सराफा कारोबारी से 2 करोड़ के सोने-चांदी के जेवर लूटे, बंदूक की नोक पर दिया वारदात को अंजाम

छत्तीसगढ़ में सराफा कारोबारियों को निशाना बनाकर लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे-63 में सोमवार शाम दो अज्ञात बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी से करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाशों ने लिफ्ट मांगने के बहाने गाड़ी रुकवाई और फिर हथियारों के दम पर व्यापारी और ड्राइवर को धमकाकर वारदात को अंजाम दिया। मामला नेलसनार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में अपनी दुकान बंद करने के बाद गीदम स्थित घर लौट रहे थे। उन्होंने एक निजी गाड़ी बुक की थी। उनके साथ एक अन्य व्यापारी भी मौजूद था। इसी दौरान नेशनल हाईवे-63 पर जंगल के रास्ते में दो अज्ञात बदमाशों ने हाथ देकर गाड़ी रुकवाई और लिफ्ट लेने के बहाने उसमें सवार हो गए।
सरकारी कार्यालय में उड़ी नियमों की धज्जियां! शराब-मटन के साथ जश्न मनाते डिप्टी रेंजर का वीडियो वायरल
कुछ दूर आगे जाने के बाद बदमाशों ने व्यापारी और ड्राइवर को हथियारों के दम पर अपने कब्जे में ले लिया। आरोपियों ने दोनों की कनपटी पर बंदूक तान दी और चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद बदमाश कुछ दूरी पर दोनों के मोबाइल फोन फेंककर भाग निकले।
बैग में थे 1300 ग्राम सोने और 15 किलो से ज्यादा चांदी के जेवर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूटे गए बैग में करीब 1300 ग्राम सोने के आभूषण थे, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा 15 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण भी बैग में रखे थे। इनकी कीमत करीब 25 से 28 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह लूटे गए आभूषणों की कुल कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत का सत्यापन होना अभी बाकी है।
पुलिस जांच में जुटी, FIR दर्ज होने की प्रक्रिया बाकी
वारदात के बाद व्यापारी किसी तरह पुलिस थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है। बदमाशों की पहचान करने के साथ ही वारदात स्थल और आसपास के रास्तों से जुड़े सुराग खंगाले जा रहे हैं।
नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल के मुताबिक, फिलहाल लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की वास्तविक मात्रा स्पष्ट नहीं है। व्यापारी ने हिसाब करने के बाद जानकारी देने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आभूषणों का सत्यापन होने के बाद ही लूट की वास्तविक कीमत सामने आ सकेगी।
स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट से मची तबाही, 16 लोगों की मौत, 13 घायल
धनतेरस पर भी सराफा दुकान से हुई थी करोड़ों की चोरी
गौरतलब है कि इससे पहले धनतेरस की रात जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित एक सराफा दुकान में भी बड़ी चोरी हुई थी। ग्राहक बनकर पहुंची महिलाओं और बच्चों ने कथित तौर पर करीब 1200 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए थे। चोरी हुए आभूषणों की कीमत लगभग 1 करोड़ 74 लाख रुपये बताई गई थी। इस मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।





