अन्नपूर्णा गुलाब मंदिर बाराद्वार में अन्नकूट प्रसाद महोत्सव का हुआ आयोजन
जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

सक्ती प्रकाश पर्व दीपावली के पश्चात आज 11 नवंबर को जिले के मंदिरों में अन्नकूट प्रसादी महोत्सव का आयोजन श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में बाराद्वार स्थित अन्नपूर्णा गुलाब मंदिर में भी अन्नकूट प्रसाद महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मंदिर में परंपरा अनुसार सैकड़ों क्विंटल से अधिक पके हुए चावल और विभिन्न सामग्रियों का भोग लगाया गया। यहां अन्नपूर्णा गुलाब मंदिर बाराद्वार में पूजा अर्चना पश्चात अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया।
इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य व सभापति आयुष शर्मा व नगर पंचायत उपाध्यक्ष जितेश शर्मा ने बताया कि अन्नकूट पर्व किसानों की मेहनत और नई फसल के आगमन का उत्सव है। जो हमें सीखाता है कि हमें अन्न का अनादर नहीं करना चाहिए और उसे जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाना चाहिए। अन्नकूट प्रसादी सब मिलजुल कर एक साथ ग्रहण करते हैं जिससे समाज में आपसी प्रेम व भाईचारा के भाव बलवती होती है जिससे सामाजिक सौहार्दपूर्ण वातावरण का निर्माण भी होता है। गौरतलब हो कि अन्नकूट का पर्व मुख्य रूप से गोवर्धन पूजा दीवाली के पश्चात कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को मनाया जाता है। यह पर्व प्रकृति, खेती, अन्न और पशुधन के प्रति आभार प्रकट करने के लिए मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन प्रसाद ग्रहण करने से आरोग्यता और समृद्धि आती है। विदित हो कि सनातन परंपरा में अन्नकूट के पर्व का बहुत ज्यादा महत्त्व माना गया है।
अन्नकूट का यह पर्व पूर्णावतार माने जाने वाले भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र देवता के मान-मर्दन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। लोक परंपरा में इसे गोवर्धन पूजा के नाम से भी जाना जाता है। बाराद्वार नगर स्थित मां अन्नपूर्णा गुलाब मंदिर में आयोजित अन्नकूट प्रसादी महोत्सव कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व विधायक डॉ खिलावन साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल, नगर पंचायत बाराद्वार अध्यक्ष नारायण कुर्रे, कांग्रेस नेता व जिला प्रतिनिधि (डॉ महंत) ठा.गुलजार सिंह, रूप नारायण साहू सहित बाराद्वार नगरवासियों सहित क्षेत्र भर से लोग शामिल हुए और अन्नकूट प्रसादी ग्रहण किया। विदित हो कि बाराद्वार नगर में स्थित अन्नपूर्णा गुलाब मंदिर में बहुत लंबे समय से उमेश शर्मा, दिनेश शर्मा , महेश शर्मा, आयुष शर्मा एवं जितेश शर्मा परिवार के आयोजकत्व में अन्नकूट प्रसादी महोत्सव का आयोजन किया जाता है जिसमें बाराद्वार नगर के साथ -साथ जिले भर से लोग शामिल हो अन्नकूट प्रसाद ग्रहण करते हैं।





