CG News: भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कठौतिया के पास ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 16 के निवासी थे। वे एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी कठौतिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक में आग लगाने के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
वहीं, फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक आग की लपटों में घिरा नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।





