खाना नहीं मिलने पर बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट, लकड़ी से पीट-पीटकर की हत्या

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक बेटे ने शराब के नशे में अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने आई बहन पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खाना नहीं मिलने पर हुआ विवाद
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली का है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रोशन मिंज शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और हॉस्टल में रहता है। 7 नवंबर की रात वह दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद घर पहुंचा और मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
अधजली लकड़ी से मां और बहन पर हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे से मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। मां को बचाने पहुंची बहन पर भी उसने हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन घायल महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां 8 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 9 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने शराब पीने के बाद खाना नहीं मिलने पर मां से विवाद और हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजली लकड़ी भी जब्त कर ली है।





