Korba News: तीन मासूम सहेलियों की तालाब में डूबने से मौत, शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में तालाब में नहाने गई तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
स्कूल जाने के बजाय तालाब पहुंची थीं बच्चियां
जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और घर पर थीं। उनके परिजन काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। दोपहर के समय तीनों सहेलियां तालाब में नहाने चली गईं।
काफी समय बीतने के बाद भी जब बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि तीनों बच्चियां तालाब की ओर गई थीं।
तालाब किनारे मिले कपड़े और चप्पल
परिजन और ग्रामीण तालाब पहुंचे तो वहां बच्चियों के कपड़े और चप्पल किनारे पर मिले। इसी दौरान तालाब के पानी में एक बच्ची का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बच्चियों की तलाश शुरू की।
CG Crime News: 5 लाख की सुपारी देकर ससुर की हत्या, दामाद समेत झारखंड के 2 आरोपी गिरफ्तार
काफी मशक्कत के बाद तीनों शव बरामद
तलाश के दौरान पहले इंदु का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने दो अन्य बच्चियों की तलाश जारी रखी। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए।
प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। तालाब से तीनों बच्चियों के शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।





