Aadhaar Update New Rule CG: छत्तीसगढ़वासियों के लिए बड़ी राहत! अब घर बैठे आधार कार्ड में बदल सकेंगे नाम-पता, जानें कितने रुपये लगेंगे

Aadhaar Update New Rule CG: छत्तीसगढ़ में आधार कार्ड में नाम, पता, उम्र या अन्य जरूरी जानकारी में संशोधन कराने वाले नागरिकों के लिए राहत की खबर है। अब बड़े बदलाव के लिए लोगों को केवल आधार सेवा केंद्रों पर निर्भर रहने या राजपत्र में नाम प्रकाशित कराने के लिए दूसरे शहरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। राज्य सरकार ने इस प्रक्रिया को ऑनलाइन करने के लिए सेवा सेतु पोर्टल पर नई व्यवस्था शुरू की है।
नई व्यवस्था के तहत नागरिक आधार कार्ड में नाम या अन्य विवरण में संशोधन से संबंधित आवेदन सेवा सेतु पोर्टल के जरिए कर सकेंगे। इसके लिए आवेदन ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा करना होगा। इससे सरकारी कार्यालयों में बार-बार जाने की जरूरत कम होगी और आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी।
छात्र पर तांत्रिक क्रिया का आरोप लगाकर स्कूल से निकाला, परिजनों ने की शिकाय
₹430 का चालान करना होगा जमा
नए प्रावधान के अनुसार आवेदक को ऑनलाइन आवेदन के साथ भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का ₹430 का चालान जमा करना होगा। इससे पहले बड़े स्तर पर नाम या सरनेम में बदलाव के लिए राजपत्र प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी, जिसमें लोगों को अतिरिक्त समय और खर्च उठाना पड़ता था।
आवेदन के बाद मिलेगा ARN नंबर
ऑनलाइन आवेदन जमा होने के बाद आवेदक को ARN यानी Application Reference Number दिया जाएगा। इस नंबर की मदद से आवेदक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि आवेदन किस स्तर पर पहुंचा है और उसकी प्रक्रिया कहां तक पूरी हुई है।
तहसीलदार करेंगे दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच
पोर्टल पर आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा होने के बाद उनकी प्रारंभिक जांच संबंधित तहसीलदार द्वारा की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आवेदन को एसडीएम के पास भेजा जाएगा। एसडीएम स्तर पर पुष्टि होने के बाद संबंधित फाइल को राजपत्र में प्रकाशन के लिए शासकीय मुद्रणालय भेजा जाएगा।
ऑनलाइन मिलेगी डिजिटल गजट कॉपी
राजपत्र में नाम परिवर्तन या संबंधित सूचना प्रकाशित होने के बाद उसकी डिजिटल कॉपी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। इससे आवेदक को दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अलग से सरकारी कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी। आवेदन और दस्तावेजों की स्थिति भी पोर्टल के माध्यम से देखी जा सकेगी।
29 कार्य दिवस में होगा निराकरण
सरकार ने इस पूरी प्रक्रिया के लिए समय-सीमा भी निर्धारित की है। निर्देशों के अनुसार आधार संशोधन से संबंधित आवेदन का 29 कार्य दिवसों के भीतर निराकरण किया जाना है। तय समय-सीमा के कारण आवेदन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी।
आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?
ऑनलाइन आवेदन करते समय नाम परिवर्तन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इनमें स्थानीय समाचार पत्र में प्रकाशित नाम परिवर्तन की सूचना, दो गवाहों के नाम और हस्ताक्षर वाला दस्तावेज, ₹50 के स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत शपथ पत्र और पहचान से संबंधित जरूरी दस्तावेज शामिल हैं।
रूस NATO देशों पर कर सकता है ड्रोन-रॉकेट से हमला! पोलैंड के PM टस्क ने दी चेतावनी
नागरिकों को क्या फायदा होगा?
नई ऑनलाइन व्यवस्था से आधार में बड़े बदलाव और नाम परिवर्तन से जुड़ी प्रक्रिया को आसान बनाने का प्रयास किया गया है। अब आवेदन ऑनलाइन जमा करने, उसकी स्थिति ट्रैक करने और राजपत्र की डिजिटल कॉपी प्राप्त करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे नागरिकों का समय बचने के साथ ही सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत भी कम हो सकती है।





