Chhattisgarh Crime: कपड़ा शोरूम में युवती की संदिग्ध मौत, फांसी पर लटका मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Chhattisgarh Crime: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक कपड़ा शोरूम के अंदर युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाफना लाइफस्टाइल शोरूम की छत पर युवती का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
समय पर CCTV फुटेज नहीं दिखाने का आरोप
परिजनों के अनुसार, दीपा 21 अक्टूबर से शोरूम में काम कर रही थी। घटना से एक दिन पहले शाम करीब 6 बजे से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश करते हुए शोरूम पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि काफी देर तक खोजबीन के बावजूद उन्हें दीपा के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। इतना ही नहीं, शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी तत्काल नहीं दिखाई गई।
परिजनों का कहना है कि बाद में उन्हें दीपा का शव दिखाया गया। उन्होंने युवती के शरीर पर चोट और नाखून के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिवार ने शोरूम प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच होनी चाहिए, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV और CDR की जांच
इधर, घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस एफएसएल और फोटोग्राफर टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे युवती की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
भीषण विमान हादसा: सड़क पर गिरते ही आग का गोला बना प्राइवेट जेट, पायलट समेत 9 लोगों की मौत
पुलिस मामले में शोरूम के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।





