भीषण विमान हादसा: सड़क पर गिरते ही आग का गोला बना प्राइवेट जेट, पायलट समेत 9 लोगों की मौत

अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। यहां यात्रियों से भरा एक प्राइवेट जेट रिहायशी इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते वह आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया। इस भीषण हादसे में पायलट समेत विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने घटना में नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है।
IND vs NZ ODI सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, दो खिलाड़ी अचानक हुए बाहर
जानकारी के मुताबिक, Learjet 60 विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के लिए उड़ान भरी थी। इसी दौरान विमान अचानक अनियंत्रित होकर तेजी से नीचे गिरने लगा। कुछ ही देर में यह दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में सड़क के पास जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान में भीषण आग लग गई और आसपास का इलाका धुएं से भर गया।
हादसे के बाद सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। घटनास्थल से उठता काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। विमान का मलबा सड़क पर बिखरा हुआ था और आसपास आग की लपटें उठ रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान रिहायशी मकानों से कुछ ही दूरी पर गिरा। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान किसी घर से सीधे नहीं टकराया।
कार सवारों ने कैमरे में कैद किया खौफनाक मंजर
इस हादसे का एक डरावना वीडियो भी सामने आया है। सड़क से गुजर रही कारों में बैठे लोगों ने विमान को आसमान से तेजी से नीचे आते हुए रिकॉर्ड किया। इसके बाद विमान सड़क के पास टकराया और कुछ ही पलों में आग के बड़े गोले में बदल गया। हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोग सहम गए। विमान रिहायशी मकानों और सड़क से गुजर रहे वाहनों के बेहद करीब दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
FAA और NTSB की टीमें करेंगी जांच
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि संघीय विमानन प्रशासन (FAA) की टीम राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की जांच में सहयोग करेगी। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू की जा रही है। फिलहाल विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। विमान में सवार नौ लोगों की पहचान भी अधिकारियों ने सार्वजनिक नहीं की है।
ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान एक निजी जेट था, जिसका टेल नंबर N722BD बताया गया है।
कई घंटे तक बाधित रही बिजली, सड़कें बंद
यह हादसा पाम बीच काउंटी में मिलिट्री ट्रेल और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी, पुलिस और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सड़क के दोनों ओर यातायात बंद कर दिया और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की।
हादसे का असर आसपास के इलाके में भी देखने को मिला। पास में काम करने वाली एक महिला के मुताबिक, दुर्घटना के बाद करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। फिलहाल जांच एजेंसियां हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।





