नवा रायपुर के आसमान में सारंग टीम का शक्ति प्रदर्शन, हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को किया रोमांचित

रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में इस बार देशभक्ति और रोमांच का अनोखा नजारा देखने को मिला। नवा रायपुर स्थित सेंध झील के ऊपर भारतीय वायुसेना के जांबाज जवानों ने अपने अद्भुत हवाई करतबों से दर्शकों का दिल जीत लिया। आसमान से पैराशूट के जरिए जवानों की छलांग, Mi-17 हेलीकॉप्टर से गरुड़ कमांडो की त्वरित तैनाती और सारंग टीम के हैरतअंगेज प्रदर्शन ने लोगों को रोमांचित कर दिया।
दो दिनों तक सेंध झील का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य और अद्भुत कौशल का गवाह बना रहा। 1 और 2 नवंबर को आयोजित इस भव्य एयर शो का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने वायुसेना के शानदार प्रदर्शन का आनंद लिया।
आकाश गंगा के जवानों ने लगाई छलांग
एयर शो की शुरुआत भारतीय वायुसेना की ‘आकाश गंगा’ स्काईडाइविंग टीम के रोमांचक प्रदर्शन से हुई। टीम के जांबाज जवानों ने आसमान की ऊंचाइयों से पैराशूट के जरिए छलांग लगाकर अपने साहस का परिचय दिया। इसके बाद Mi-17 हेलीकॉप्टर से गरुड़ कमांडो की त्वरित तैनाती का प्रदर्शन किया गया। कमांडो की सटीक कार्रवाई और तालमेल ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया।
सारंग टीम के करतबों ने बांधा समां
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। टीम के हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। कभी हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरते नजर आए, तो कभी शानदार फॉर्मेशन बनाकर आसमान में अद्भुत नजारे पेश किए।
5 नवंबर को CHO का प्रदेशव्यापी आंदोलन, NHM कार्यालय का करेंगे घेराव; जानें क्या हैं प्रमुख मांगें
सारंग टीम के बेहतरीन तालमेल, सटीक नियंत्रण और रोमांचक उड़ान ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दो दिनों तक चले इस एयर शो ने राज्योत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया।





