CG News: किसानों का नेशनल हाईवे पर 24 घंटे से प्रदर्शन जारी, लोगों की परेशानी के बीच स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी

CG News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में अपनी 23 मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ कवर्धा पहुंचे और रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। किसानों के प्रदर्शन के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित हो गया है। स्थिति को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान एम्बुलेंस को आने-जाने की अनुमति दी जा रही है।
गुरुवार को भी किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शनस्थल पर डटे रहे। आंदोलन के कारण कवर्धा के पांचों प्रवेश मार्गों पर जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा आदेश: शिक्षक भर्ती परीक्षा पर लगाई रोक, राज्य शासन को नोटिस जारी
अधिकारियों से बातचीत रही बेनतीजा
किसानों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम प्रदर्शनस्थल पर पहुंची और किसानों से बातचीत कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया। हालांकि, बातचीत का कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका और किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन के सामने किसानों को समझाकर आंदोलन समाप्त कराने की चुनौती बनी हुई है।
किसानों की क्या हैं प्रमुख मांगें?
किसान अपनी कुल 23 मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इनमें जिले के दोनों शक्कर कारखानों में गन्ना उत्पादन बढ़ाना, गन्ने के बोनस में 150 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि करना, सुतियापाट जलाशय का विस्तार करना, बिजली बिल कम करना और पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के धान बोनस की राशि जारी करना प्रमुख रूप से शामिल है।
किसानों का कहना है कि जब तक सरकार और प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस कदम नहीं उठाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
एक सप्ताह का राशन लेकर पहुंचे किसान
कवर्धा में प्रदर्शन कर रहे किसान लंबे आंदोलन की तैयारी के साथ पहुंचे हैं। किसान अपने साथ करीब एक सप्ताह का राशन भी लेकर आए हैं। प्रदर्शनस्थल के आसपास कुछ किसान सड़क किनारे भोजन बनाते नजर आए। इससे संकेत मिल रहा है कि मांगें पूरी होने तक किसान आंदोलन जारी रखने के इरादे में हैं।
किसानों के प्रदर्शन का असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। सड़कें बाधित होने से वाहन चालकों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही है, वहीं स्कूलों में छुट्टी घोषित होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई है। अब सभी की नजर प्रशासन और सरकार के अगले कदम पर टिकी है।





