नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त मामले में सरकार का बड़ा एक्शन, अस्पताल का लाइसेंस होगा रद्द, डॉक्टरों की डिग्री भी होगी फ्रीज

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा होने के बाद राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है। मामले में दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। अब सरकार अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने के साथ ही प्रकरण में शामिल डॉक्टरों की डिग्री फ्रीज करने की कार्रवाई करेगी।
पूर्व सांसद नंदकुमार साय के पैर में लगी चोट, बेहतर इलाज के लिए CM साय अपने साथ लाए रायपुर
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मीडिया से चर्चा के दौरान सरकार के अगले कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में अस्पताल का लाइसेंस कैंसल किया जाएगा और इसमें संलिप्त डॉक्टरों की डिग्री भी फ्रीज की जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इस घिनौने काम में शामिल लोगों को ऐसी सजा दिलाई जाएगी, जिसे उनकी पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
एसआईटी जांच की मांग पर क्या बोले स्वास्थ्य मंत्री?
मामले की एसआईटी जांच कराने की कांग्रेस की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार एसआईटी जांच कराएगी। इसके अलावा अन्य स्तरों पर भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू हुआ था और इसके शुभारंभ कार्यक्रम में कांग्रेस के मंत्री व विधायक शामिल हुए थे। हालांकि, इससे यह साबित नहीं होता कि इस मामले में कांग्रेस की कोई संलिप्तता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को इस मामले में राजनीति करने से बचना चाहिए।
सभी नगरीय निकायों में भाजपा की जीत का दावा
राजस्थान के निकाय चुनाव में भाजपा को मिली हार और छत्तीसगढ़ में दिसंबर में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दोनों राज्यों की राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं। नगरीय निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में पिछले निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। जायसवाल ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में भाजपा जीत दर्ज करेगी।
बूथ स्तर तक काम करेंगे भाजपा के मोर्चा-प्रकोष्ठ
भाजपा के मोर्चा-प्रकोष्ठों को बूथ स्तर पर काम करने की जिम्मेदारी दिए जाने पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में मोर्चों का गठन किया गया है। सभी मोर्चे नियमित दौरे और संगठन विस्तार के जरिए पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं। बूथ स्तर तक मोर्चा-प्रकोष्ठों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
CG News: शादी के लिए दबाव और झूठे केस की धमकी का आरोप, युवक की मौत के 10 महीने बाद प्रेमिका गिरफ्तार
पटवारी हड़ताल को लेकर कांग्रेस पर निशाना
पटवारी हड़ताल किन शर्तों पर समाप्त हुई, इस पर कांग्रेस के सवालों का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। हड़ताल खत्म होने से कांग्रेस को परेशानी हुई होगी, क्योंकि वह चाहती है कि आम जनता परेशान होती रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मुख्यमंत्री का धन्यवाद करना चाहिए। जायसवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल किसान हितैषी होने का दावा करती है।





