CG में हाथियों का उत्पात, शादी की तैयारियों के बीच बैगा परिवार के घर में मचाई भारी तबाही

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में शादी समारोह की तैयारियों के बीच चार हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के अचानक गांव में पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। दल ने एक बैगा परिवार के दो घरों को नुकसान पहुंचाया और शादी में शामिल होने आए मेहमानों के भोजन के लिए रखा चावल भी खा लिया। हाथियों ने काफी मात्रा में चावल जमीन पर बिखेरकर बर्बाद कर दिया। इस घटना के बाद परिवार की शादी की खुशियां चिंता में बदल गईं, वहीं ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
मामला जिले के कुकुदुर थाना क्षेत्र के केशमर्दा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव में एक बैगा परिवार में शादी का आयोजन था। विवाह समारोह के चलते घर में रिश्तेदारों और मेहमानों की भीड़ जुटी हुई थी। उनके भोजन के लिए बड़ी मात्रा में चावल रखा गया था। इसी बीच अचानक चार हाथियों का दल गांव में पहुंच गया। हाथियों को देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया और अपनी सुरक्षा के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे।
दो घरों को नुकसान, चावल भी किया बर्बाद
गांव में घुसे हाथियों ने बैगा परिवार के दो घरों को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद शादी में आए मेहमानों के भोजन के लिए रखे चावल को खा लिया और काफी मात्रा में अनाज जमीन पर बिखेर दिया। इस घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। शादी की तैयारियों के बीच अचानक आई इस मुसीबत ने परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
पूरी रात दहशत में रहे ग्रामीण
चार हाथियों के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। लोगों ने किसी तरह वहां से हटकर अपनी सुरक्षा की। हाथियों की मौजूदगी के चलते ग्रामीण पूरी रात दहशत में रहे। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब एक सप्ताह से क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। इसके चलते आसपास के गांवों के लोग भी चिंतित हैं।
वहीं, वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए निगरानी की जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पीड़ित परिवार को मुआवजे का इंतजार
शादी जैसे महत्वपूर्ण पारिवारिक आयोजन के दौरान हाथियों ने दो घरों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही भोजन के लिए रखा चावल भी बर्बाद कर दिया। इससे प्रभावित बैगा परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम करने की अपील की है।





