Flydubai के कैप्टन स्मित मच्छार को इजरायल करेगा सम्मानित, राष्ट्रपति ने प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड देने का किया ऐलान

फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए इजरायल के ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म’ से सम्मानित किया जाएगा। इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने इसकी घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल होने और काफी खून बहने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने विमान में सवार 174 यात्रियों और क्रू सदस्यों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाईदुबई के विमान के कॉकपिट में ओमानी को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने कैप्टन स्मित मच्छार पर क्रैश-एक्स से हमला कर दिया था। इस हमले में घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने हिम्मत नहीं हारी और हालात का डटकर सामना किया। उनकी बहादुरी के चलते विमान में मौजूद अन्य लोग कॉकपिट तक पहुंच सके और हमलावर को काबू करने में मदद मिली।
राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने क्या कहा?
इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने कैप्टन मच्छार की बहादुरी और पेशेवर सूझबूझ की सराहना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छार की असाधारण हिम्मत ने एक बड़ी दुर्घटना को टालने में मदद की।
राष्ट्रपति ने घोषणा की कि मच्छार के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें इजरायल की जनता की ओर से ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म’ प्रदान करना उनके लिए सम्मान की बात होगी। यह पुरस्कार नागरिकों की असाधारण वीरता और साहस को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय पायलट का संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
को-पायलट ने क्यों किया था हमला?
इजरायली खुफिया रिपोर्ट के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी की कथित योजना विमान पर कब्जा कर उसे तेल अवीव ले जाने और फिर किसी इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त करने की थी। हालांकि, कैप्टन स्मित मच्छार के विरोध के कारण उसका यह प्रयास सफल नहीं हो सका।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इसके बाद हमलावर ने विमान को रेगिस्तान में क्रैश करने की कोशिश की। इस दौरान विमान में मौजूद ड्यूटी से बाहर के अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला और विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतारने में सफलता हासिल की।
पीएम मोदी और नेतन्याहू ने भी की बहादुरी की तारीफ
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सराहना की है।
इजरायल के राष्ट्रपति हर्ज़ोग ने विमान में हमलावर को काबू करने और बड़ी दुर्घटना रोकने में मदद करने वाले पांच इजरायली नागरिकों को भी वीरता पुरस्कार प्रदान किए हैं। उन्होंने इन लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली और एक भयावह दुर्घटना को रोकने में योगदान दिया।
कैप्टन स्मित मच्छार को दिए जाने वाले इस सम्मान को उनकी बहादुरी, सूझबूझ और संकट के समय कर्तव्यनिष्ठा के लिए महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।





