
कोरबा – रेल कॉरिडोर की पटरियों पर कबाड़ चोरों का डाका, घर में छिपी मिलीं 32 रेल पटरियां; आरोपी फरार!
कोरबा। छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के नए रेल लाइन निर्माण की सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कबाड़ चोर गिरोह ने बड़ी सेंधमारी की है। बांकीमोंगरा के बाद अब जटगा चौकी पुलिस ने बरमपुर गांव के एक किराए के मकान में दबिश देकर भारी मात्रा में रेलवे ट्रैक की कटी हुई पटरियां बरामद की हैं।
मौके से क्या-क्या हुआ जब्त?
पुलिस ने कबाड़ चोरों के बड़े नेक्सस का पर्दाफाश करते हुए मौके से निम्नलिखित सामान जब्त किया है:
* 32 नग कटी हुई रेलवे पटरी (करीब 12 फीट लंबी)
* 01 स्वराज माजदा वाहन (माल ढोने के लिए)
* 06 गैस सिलेंडर और गैस कटर (पटरियां काटने के औजार)
अंदर का ही निकला ‘विलेन’!
जांच में सामने आया है कि यह मकान आखिर लाल का है, जिसे राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। राजू नए रेल लाइन निर्माण में लगी एक निजी कंपनी का कर्मचारी है। आशंका है कि उसने ड्यूटी के दौरान ही पटरियां चुराईं और गैस कटर से काटकर उन्हें ठिकाने लगाने की फिराक में था। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी राजू मौके से फरार हो गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल
छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर का काम अलग-अलग निजी कंपनियों के भरोसे चल रहा है। ऐसे में एक साथ इतनी भारी मात्रा में पटरियों का चोरी होना निगरानी और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि रेलवे और संबंधित कंपनी के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में सरगर्मी से जुटी है।





