लोरमी में बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घर के अंदर मिले शव , पुलिस जांच में जुटी

लोरमी। लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर बुजुर्ग दंपति के शव बरामद हुए। दोनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शव करीब तीन दिन पुराने बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान नंदकुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरी बाई कश्यप के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल बुजुर्ग दंपति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
घटना के बाद से ग्राम नवलपुर सहित आसपास के क्षेत्र में चर्चा और सनसनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।






