रफ्तार का कहर: कुसमुंडा में बाइक स्टंट के दौरान आपस में टकराए स्कूली छात्र, दो की हालत नाजुक
सतपाल सिंह
रफ्तार का कहर: कुसमुंडा में बाइक स्टंट के दौरान आपस में टकराए स्कूली छात्र, दो की हालत नाजुक

कोरबा/कुसमुंडा।
स्कूली छात्रों में तेज रफ्तार और स्टंटबाजी का जानलेवा शौक बीते सोमवार की दोपहर एक बड़े हादसे में तब्दील हो गया। कुसमुंडा क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे 11वीं कक्षा के छात्र बाइक पर स्टंट करते समय आपस में टकरा गए। इस भीषण भिड़ंत में तीन छात्र घायल हुए हैं, जिनमें से दो की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
तमाशबीन बनी भीड़ के बीच फरिश्ता बने दो राहगीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे स्कूल की छुट्टी होते ही छात्र तेज रफ्तार बाइकों पर सवार होकर निकले थे। आदर्श नगर के पास अनियंत्रित होकर उनकी बाइकें आपस में भिड़ गईं, जिससे छात्र सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन संवेदनहीनता का आलम यह रहा कि लोग तमाशबीन बने रहे। रोज-रोज की स्टंटबाजी से नाराज कुछ लोग मदद के बजाय तंज कसते नजर आए। इसी बीच, वहां से गुजर रहे विनय अग्रवाल और प्रवीण कुमार (अन्ना) ने मानवता का परिचय देते हुए अपनी कार रोकी। उन्होंने बिना समय गंवाए घायल छात्रों को अपनी कार में बैठाया और एसईसीएल (SECL) के विभागीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो छात्रों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया गया है। घायल छात्र बांकीमोंगरा और विकास नगर के निवासी बताए जा रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन ने पाबंदी की कही बात वहीं पुलिस की चेतावनी
मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन का कहना है कि स्कूल में छात्रों के दोपहिया वाहन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध है और सभी रूटों पर स्कूल बसें संचालित हैं। इसके बावजूद छात्र बाहर कॉलोनियों में बाइक खड़ी कर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने घटना की आधिकारिक जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई है। दूसरी ओर, कुसमुंडा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नाबालिगों को वाहन देने वाले अभिभावकों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
अभिभावकों की लापरवाही पड़ रही भारी
जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा लगातार यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन न देने की अपील की जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर कम ही दिख रहा है। ऐसे में किसी बड़ी अनहोनी को टालने के लिए अभिभावकों को अपने बच्चों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की सख्त जरूरत है।
(रिपोर्ट: ओम गवेल, सहयोगी: सतपाल सिंह)





