कोरबा एसईसीएल सब स्टेशन में घुसे चोर, सुरक्षा प्रहरी से मारपीट, सीसीटीवी कैमरे में कैद वारदात, पुलिस ने एक आरोपी पकड़ा
सतपाल सिंह
कोरबा एसईसीएल सब स्टेशन में घुसे चोर, सुरक्षा प्रहरी से मारपीट, सीसीटीवी कैमरे में कैद वारदात, पुलिस ने एक आरोपी पकड़ा
कोरबा जिले के बांकिमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत SECL बलगी सब स्टेशन में चोरी और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बीते 23 मई की रात करीब 1 बजकर 30 मिनट में कुछ युवक जबरन बलगी सब स्टेशन में घुस आये। इस दौरान आरोपियों ने सुरक्षाकर्मी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी गई तो वे उसकी बहन-बेटी को घर से उठा ले जाएंगे। जिसके बाद चोर सब स्टेशन से पाइप और करीब 100 मीटर केबल चोरी कर ले गए। बताया गया कि आरोपियों ने चोरी किए गए पाइप एंगल को पहले बाउंड्रीवाल के बाहर फेंका और बाद में उसे लेकर फरार हो गए।
चोरी की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
घटना से डरे सहमे SECL बलगी के प्रधान सुरक्षा प्रहरी ने पहले इसकी जानकारी अपने विभाग की दी जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान अर्जुन सिंग और एक नाबालिग सहित अन्य आरोपियोंके नाम सामने आए। पुलिस ने 25 मई को अर्जुन सिंह (20), पिता स्व. बनवारी सिंह, निवासी शांतिनगर बलगी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी किया गया केबल फरार आरोपियों के पास है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक (CG 12 BS 7092) भी जब्त की है। फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।






