कोरबा: अवैध खेल अकादमियों पर बरसे युवा कांग्रेस, फर्जी प्रमाण-पत्र और वसूली को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
ओमकार यादव


कोरबा: अवैध खेल अकादमियों पर बरसे युवा कांग्रेस, फर्जी प्रमाण-पत्र और वसूली को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में संचालित अवैध खेल अकादमियों के खिलाफ युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस अर्जुन सिंह ने जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इन अकादमियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
क्या है मामला?
युवा कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया है कि शहर में कई खेल अकादमियां बिना किसी सरकारी मान्यता या खेल विभाग में उचित पंजीकरण के चल रही हैं। इन अकादमियों के खिलाफ मुख्य रूप से तीन गंभीर आरोप लगाए गए हैं:
अवैध वसूली: अकादमियां खेल प्रशिक्षण के नाम पर अभिभावकों और बच्चों से मोटी फीस वसूल रही हैं, जबकि इनके पास प्रशिक्षण देने का कोई आधिकारिक अधिकार नहीं है।
फर्जी प्रमाण-पत्र: इन अकादमियों द्वारा बच्चों को फर्जी ‘नेशनल सर्टिफिकेट’ दिए जा रहे हैं, जो किसी भी सरकारी भर्ती या खेल कोटे में मान्य नहीं होते। इससे बच्चों का भविष्य अंधकार में जा रहा है।
धोखाधड़ी: अभिभावकों को झूठे वादे और सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर ठगा जा रहा है।
युवा कांग्रेस की चेतावनी
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि 7 दिनों के भीतर इन अवैध अकादमियों की जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस जनहित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान होने वाली किसी भी अव्यवस्था या जन आक्रोश की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
प्रशासन से मांग
अर्जुन सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल एक जांच दल का गठन किया जाए और इन अवैध गतिविधियों पर नकेल कसी जाए ताकि भविष्य में किसी भी खिलाड़ी के साथ खिलवाड़ न हो।






