Swine Flu Cases in CG : जेल अधिकारी को हुआ H1N1 संक्रमण, रायपुर में चल रहा इलाज; परिवार भी निगरानी में

Swine Flu Cases in CG : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) का एक मामला सामने आया है। अंबिकापुर सेंट्रल जेल से जुड़े एक अधिकारी के H1N1 वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उनका इलाज रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जिले में निगरानी बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक, जेल अधिकारी अपने परिवार के साथ कांकेर गए थे। इसी दौरान उन्हें बुखार, सर्दी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई। प्रारंभिक इलाज के बाद H1N1 की जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
CG Crime: बिरयानी खाने निकले युवक की हत्या, 5 युवकों पर चाकू-पत्थर से हमला करने का आरोप
मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी डॉ. शैलेंद्र गुप्ता के मुताबिक, अधिकारी के H1N1 संक्रमित होने की जानकारी मिली है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि संक्रमण उन्हें सरगुजा में रहते हुए हुआ या रायपुर-कांकेर प्रवास के दौरान। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अधिकारी के परिवार की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पूरी कर ली है। परिवार के सभी सदस्य स्वस्थ हैं और किसी में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं पाए गए हैं। फिलहाल सरगुजा जिले में इस अधिकारी के अलावा H1N1 का कोई अन्य पॉजिटिव मरीज सामने नहीं आया है।
मामला सामने आने के बाद सरगुजा स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। गंभीर मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संदिग्ध मरीजों पर नजर रखने के साथ जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं। फिलहाल अंबिकापुर की वायरोलॉजी लैब में H1N1 की जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए रायपुर भेजे जाएंगे।






