चलते ट्रेलर में लगी भीषण आग,चालक ने कूदकर बचाई जान,कोरबा कुसमुंडा मार्ग की घटना
सतपाल सिंह
चलते ट्रेलर में लगी भीषण आग,चालक ने कूदकर बचाई जान,कोरबा कुसमुंडा मार्ग की घटना..

कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन मार्ग पर स्थित 6 नंबर बेरियर के समीप शनिवार रात एक चलते हुए ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:30 बजे एक खाली ट्रेलर कोरबा से कुसमुंडा की ओर जा रहा था। 6 नंबर बेरियर के पास पहुंचते ही ट्रेलर के इंजन हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही धुएं ने विकराल आग का रूप ले लिया और देखते ही देखते वाहन का केबिन आग की लपटों से घिर गया।
सड़क पर मची अफरा-तफरी
खतरे को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाई और जलते हुए ट्रेलर को बीच सड़क पर ही छोड़कर नीचे कूद गया। कुछ ही पलों में आग ने पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले लिया। मुख्य मार्ग पर वाहन के धू-धू कर जलने से राहगीरों में हड़कंप मच गया और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
दमकल को दी गई सूचना
स्थानीय लोगों और राहगीरों द्वारा घटना की सूचना तत्काल कुसमुंडा पुलिस और एसईसीएल (SECL) कुसमुंडा के दमकल विभाग को दी गई। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे, हालांकि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। लिंक पर जाकर देखें घटनास्थल की वीडियो..https://www.youtube.com/@humarakusmundaomgavel9110





