शामपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय के आदिवासी बच्चों एवं पालकों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ कांग्रेस ने दिया धरना प्रदर्शन को समर्थन,

*शामपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय के आदिवासी बच्चों एवं पालकों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ कांग्रेस ने दिया धरना प्रदर्शन को समर्थन,*
*आदिवासियों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस, सड़क से सदन तक लड़ेगी लड़ाई- मोहन मरकाम*
कोंडागांव। शामपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं एवं आदिवासी बच्चों, उनके पालकों तथा सामाजिक जनों के साथ हो रहे कथित प्रशासनिक दुर्व्यवहार के विरोध में पालकों द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन को आज जिला कांग्रेस कमेटी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री मोहन मरकाम ने कांग्रेसजनों के साथ पहुंचकर अपना समर्थन दिया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्री मोहन मरकाम ने कहा कि आदिवासी समाज के बच्चों और उनके माता-पिता के साथ हो रहे अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पिछले कई दिनों से बच्चे और उनके पालक अपनी जायज मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि शासन-प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। आखिर शासन और प्रशासन में बैठे जिम्मेदार अधिकारी अपनी जवाबदेही से क्यों बच रहे हैं?
उन्होंने कहा कि इस संस्था की अध्यक्ष स्वयं जिला कलेक्टर हैं। ऐसे गंभीर मामले में तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं, पुलिस अधीक्षक के व्यवहार को लेकर भी आदिवासी समाज में नाराजगी है। आदिवासी समाज के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
श्री मरकाम ने शासन-प्रशासन से मांग की कि पालकों द्वारा उठाई गई सभी मांगों पर तत्काल संज्ञान लिया जाए, विद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी पालकों एवं आदिवासी समाज के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। शामपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय के बच्चों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और कोंडागांव जिले की आवाज पूरे प्रदेश में बुलंद करेगी।
श्री मरकाम ने स्पष्ट कहा कि इस आंदोलन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी पूरी तरह शासन-प्रशासन की होगी। आदिवासी बच्चों के भविष्य, उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष तरुण गोलछा, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, शहर महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीमती हेमा देवांगन, शहर उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, पूर्व विधायक प्रतिनिधि गजेंद्र राठौर, बृजलाल शोरी, लेखनी प्रधान, प्रीति भदौरिया, आरती नेताम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं सामाजिकजन उपस्थित रहे।





