
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल के कंस्ट्रक्शन विभाग में पदस्थ एक इलेक्ट्रिक इंजीनियर के खिलाफ महिला कर्मचारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि अधिकारी उस पर यौन संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। विरोध करने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ में दर्दनाक घटना: फ्लाईओवर से गिरकर युवती की मौत, AIIMS में चल रहा था मिर्गी का इलाज
प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए करती है काम
शिकायत के मुताबिक, महिला प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में कार्यरत है। महिला ने आरोप लगाया है कि विभाग में पदस्थ इलेक्ट्रिक इंजीनियर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उस पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था।
महिला का कहना है कि जब उसने अधिकारी की कथित मांग का विरोध किया, तो उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी गई। इन परिस्थितियों से परेशान होकर महिला ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की।
रेल मंत्री और महिला आयोग तक पहुंचा मामला
महिला ने इस मामले में रेल मंत्री, राज्य महिला आयोग और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
मामले में तोरवा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला की शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आरोपी अधिकारी का पक्ष भी सामने आना बाकी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





