छत्तीसगढ़ में दर्दनाक घटना: फ्लाईओवर से गिरकर युवती की मौत, AIIMS में चल रहा था मिर्गी का इलाज

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। भिलाई में 21 वर्षीय युवती ने पावर हाउस फ्लाईओवर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर यात्री बस और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की टक्कर में ई-रिक्शा चालक की जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
फ्लाईओवर से गिरकर युवती की मौत
भिलाई में बुधवार को खुर्शीपार निवासी पूनम अहिरवार अपने घर से वॉक करने के लिए निकली थी। इसी दौरान पावर हाउस फ्लाईओवर पर उसने अचानक नीचे छलांग लगा दी। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार, पूनम लंबे समय से मिर्गी की बीमारी से परेशान थी और एम्स अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। घटना की सुबह वह अपने पिता को वॉक पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के समय युवती को मिर्गी का दौरा पड़ा था या उसने जानबूझकर छलांग लगाई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
बस और ई-रिक्शा की भिड़ंत, चालक की मौत
दूसरी घटना दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज की है, जहां नवीन बस सर्विस की यात्री बस और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। बस दुर्ग से बेमेतरा की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
BREAKING NEWS – स्पेन में दो हाई स्पीड ट्रेनों में टक्कर,40 लोगों के मौत की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक ने ई-रिक्शा को बचाने की कोशिश की, लेकिन हादसा टाला नहीं जा सका। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रारंभिक जानकारी में ई-रिक्शा चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।





