
*सांसद कमलेश जांगड़े ने 108 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*
भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सक्ती जिले को 108 एम्बुलेंस की सौगात मिली। जांजगीर लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल, सीएमएचओ पूजा अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने 108 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस दौरान एम्बुलेंस के सामने दीप प्रज्वलित कर आरती की गई एवं नारियल फोड़कर शुभारंभ किया गया। जिले को मिली नई एम्बुलेंस सेवाओं को जनता के लिए समर्पित किया गया।सांसद कमलेश जांगड़े ने सक्ती जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनहितैषी कार्य करते हुए लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बना रही है।उन्होंने आगे कहा कि सक्ती जिले को 7 नई 108 एम्बुलेंस मिलने से जिले के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर विस्तार हो रहा है और क्षेत्र के लोग किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में 108 नंबर पर कॉल कर तत्काल एम्बुलेंस सेवा का लाभ ले सकते हैं।





