कोरबा में फिर दिखा रफ्तार का कहर: दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत, एक महिला गंभीर
सतपाल सिंह

- कोरबा में फिर दिखा रफ्तार का कहर: दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत, एक महिला गंभीर

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में दुर्घटनाकारी वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना: छुरी में ट्रक ने दंपत्ति को चपेट में लिया
पहला हादसा छुरी क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, दीपका निवासी एक दंपत्ति अपनी बाइक पर सवार होकर सिरकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक की पहचान फेंकू सिंह कंवर दीपका निवासी के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
दूसरी घटना: तानाखार में स्कॉर्पियो की ठोकर से युवक की मौत
दूसरी घटना तानाखार क्षेत्र में घटित हुई। यहां एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार ठोकर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रक और स्कॉर्पियो दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों मामलों की विस्तृत जांच में जुट गई है।





