*खरसिया-डभरा मार्ग पर जर्जर पुल और सड़क से हादसे का खतरा*,
जिलाध्यक्ष श्रीमती रश्मि गबेल के साथ कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने किया निरीक्षण*

जिला रिपोर्टर सक्ती- उदय मधुकर
सक्ती सक्ती जिले में खरसिया एवं डभरा क्षेत्र को जोड़ने वाले सड़क मार्ग की हालत बिलकुल भी अच्छी नहीं है। इस मार्ग पर सड़क की जर्जर हालत से राहगीरों सहित वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े -बड़े गड्ढे हो गए हैं वहीं कई स्थानों पर तो पुल एवं सड़क की ऊपरी सतह क्षतिग्रस्त होकर सरिया तक दिखाई दे रहा है। इधर इस मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती रश्मि गबेल इस जर्जर मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचीं जहां पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती रश्मि गबेल ने जिले में सड़कों बदहाल स्थिति के लिए राज्य की भाजपा सरकार की उदासीन रवैया को जिम्मेदार बताया।
इस मौके पर उनके साथ जिला मीडिया प्रभारी भानु प्रताप गवेल, बीडीसी प्रतिनिधि महेंद्र टंडन, उपसरपंच फगुरम विनोद पांडेय, लालू यादव, मन्नु जायसवाल एवं प्रकाश सिदार भी साथ रहे। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रश्मि गबेल ने जिले सड़कों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई और इसे शीघ्र सुधारें जाने की बात कही है ताकि आवागमन सुगम बन सके। विदित हो कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया वाहन, स्कूल वाहन एवं अन्य यात्री वाहन गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों से सरिया बाहर निकलने के कारण भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित विभाग से जर्जर पुल एवं सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है ताकि राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो।






