शोएब ढेबर की गिरफ्तारी की खबर लीक करने वाला आरक्षक लाइन अटैच, क्राइम ब्रांच ने की कार्रवाई

रायपुर : राजधानी में कांग्रेस नेता से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर की तलाश के बीच पुलिस विभाग ने क्राइम ब्रांच के एक आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच में पदस्थ आरक्षक शिवम दुबे को फील्ड ड्यूटी से हटाकर रिजर्व लाइन अटैच कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरक्षक पर आरोप है कि उसने शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए चल रही पुलिस कार्रवाई से जुड़ी जानकारी लीक की। यह कार्रवाई DCP स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर की गई है।
CG News: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने पति-ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
मोबाइल से कॉल किए जाने की जानकारी सामने आई
बताया जा रहा है कि शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की ओर से की जा रही दबिश की जानकारी लीक होने के संदेह पर विभाग ने आंतरिक स्तर पर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आरक्षक के मोबाइल फोन से शोएब ढेबर को कुछ कॉल किए जाने की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है।
इसके बाद पुलिस ने आरक्षक को फील्ड ड्यूटी से हटाकर रिजर्व लाइन अटैच कर दिया। हालांकि, मामले में आरक्षक की भूमिका को लेकर अंतिम स्थिति विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
छह से ज्यादा संभावित ठिकानों पर दबिश
पुलिस को शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी के लिए अदालत से दो दिन पहले अनुमति मिली थी। इसके बाद उसकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शोएब को पकड़ने के लिए छह से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। इसी दौरान छापेमारी की जानकारी पहले से लीक होने का संदेह सामने आया, जिसके बाद विभाग ने अंदरूनी स्तर पर इसकी पड़ताल शुरू की।
Chhattisgarh: IPS रतन लाल डांगी मामले में नया मोड़, जांच अधिकारी बदलने का प्रस्ताव गृह सचिव को भेजा
25 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में तलाश
शोएब ढेबर के खिलाफ कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को कथित तौर पर विदेशी नंबर से धमकी भरा कॉल करने का मामला दर्ज है। आरोप है कि कॉल के जरिए 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इसी मामले में पुलिस उसकी दोबारा गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
फिलहाल शोएब ढेबर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकाने का पता लगाने के लिए उससे जुड़े कुछ मोबाइल नंबरों की निगरानी भी की जा रही है।
दो अन्य सिपाहियों पर भी कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक अन्य संवेदनशील मामले में भी गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप में दो सिपाहियों को लाइन अटैच किया गया है। इन मामलों के सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने संवेदनशील जांच और गिरफ्तारी से जुड़ी सूचनाओं की गोपनीयता को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।
फिलहाल शिवम दुबे के खिलाफ हुई कार्रवाई विभागीय स्तर पर है और लगाए गए आरोपों की अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।





