“नशा नहीं, शिक्षा और संस्कार ही युवा की असली पहचान हैं…… सविता साहू विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प, कार्यशाला से प्रभावित हुआ विद्यालय परिवार

“नशा नहीं, शिक्षा और संस्कार ही युवा की असली पहचान हैं…… सविता साहू
विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प, कार्यशाला से प्रभावित हुआ विद्यालय परिवार

कोरबा, कुसमुंडा। अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन “दिया” कोरबा द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला कूचेना, कुसमुंडा में प्रेरणादायी नशा मुक्ति कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन दिया कोरबा की नारी शक्ति प्रमुख सुश्री सविता साहू ने किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, उत्तम संस्कार, स्वास्थ्य संरक्षण, व्यक्तित्व विकास तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। संवादात्मक गतिविधियों एवं प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को बताया गया कि आज का संस्कारित एवं नशामुक्त बालक ही कल का आदर्श नागरिक बनता है।
कार्यशाला के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने हाथ उठाकर स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती लक्ष्मी यादव, प्राचार्य श्री रोहित कुमार आगरे, सुनीता कंवर, वर्षा सिंह, जानकी कुर्रे एवं राजेंद्र कुमार सहित समस्त शिक्षकगण ने कार्यशाला की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन “दिया” कोरबा द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निरंतर नशा मुक्ति, संस्कार निर्माण, व्यक्तित्व परिष्कार एवं युवा जागरण विषयों पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। संगठन का उद्देश्य संस्कारित, स्वस्थ, चरित्रवान एवं राष्ट्रनिष्ठ युवा शक्ति का निर्माण करना है।






