फिल्मी स्टाइल में पुलिस का छापा! बाराती बनकर शादी में घुसी टीम, 8 जुआरी धराए, 3 फरार

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ एक अनोखे और फिल्मी अंदाज में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। चौकी फगुरम क्षेत्र में पुलिस टीम बाराती बनकर पहुंची और मौके पर जुआ खेल रहे आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई ने न केवल जुआरियों को चौंका दिया, बल्कि जिले में पुलिस की सख्ती का भी स्पष्ट संदेश दिया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल को जानकारी दी गई। इसके बाद एसडीओपी डभरा सुमित गुप्ता और थाना प्रभारी राजेश पटेल के मार्गदर्शन में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की रणनीति तैयार की।
डबल मर्डर केस में बड़ा फैसला: प्रेमिका और उसकी मां की हत्या पर लिव-इन पार्टनर को दोहरी उम्रकैद
चौकी प्रभारी अनवर अली के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम कानाकोट के खार नहर किनारे पहुंची। बाराती के वेश में पहुंची टीम को देखकर जुआरियों को कोई शक नहीं हुआ। जैसे ही पुलिस ने दबिश दी, मौके पर 52 पत्ती ताश से ‘काटपत्ती’ खेल रहे 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 26,000 रुपये नगद, करीब 1 लाख रुपये कीमत के 7 मोबाइल फोन जब्त किए। इसके अलावा घटनास्थल के पास खड़ी दो संदिग्ध कारें (लगभग 30 लाख रुपये कीमत) भी बरामद की गईं। यह जब्ती इस अवैध गतिविधि के पैमाने को दर्शाती है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपक कुमार साहु, शिवम साहु, संजय साहु (सारंगढ़-बिलाईगढ़), भेषज किशोर साहु (सक्ती), देवेंद्र साहू (डभरा), विरेन्द्र कुर्रे, राकेश कुमार सान्डे और दीपक कुमार चंद्रा (सक्ती) शामिल हैं।
Ambikapur rape-murder case update: अवैध संबंध के शक में महिला की हत्या, आरोपी ने कबूला जुर्म
3 आरोपी फरार, तलाश जारी
छापेमारी के दौरान 3 आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में साइबर सेल सक्ती प्रभारी सी.पी. कंवर सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों का विशेष योगदान रहा।





