शराब के लिए ₹500 न देने पर युवक को बेल्ट से पीटा और जमीन पर घसीटा, 4 बदमाश गिरफ्तार
राजू सैनी

शराब के लिए ₹500 न देने पर युवक को बेल्ट से पीटा और जमीन पर घसीटा, 4 बदमाश गिरफ्तार
बांकीमोंगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपियों को भेजा गया जेल, अन्य फरार साथियों की तलाश जारी..

कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में देसी शराब भट्ठी के पास राहगीरों को रोककर शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने पर बेरहमी से मारपीट करने वाले चार शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने न सिर्फ युवक को अश्लील गालियां दीं, बल्कि बेल्ट, लात-घूसों से पीटते हुए उसे जमीन पर घसीटा और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
शराब भट्ठी के पास रोका रास्ता, मांगी रंगदारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सूरज कुमार बिंझवार 30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ बांकीमोंगरा देसी शराब भट्ठी से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने युवकों से शराब पीने के लिए ₹500 की मांग की। जब सूरज ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी उग्र हो गए और गाली-गलौज करते हुए उन पर टूट पड़े।
बेल्ट से की बर्बरता, जुर्म कबूला
पीड़ित की शिकायत पर बांकीमोंगरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 119(1), और 191(2) के तहत अपराध क्रमांक 226/2026 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों संदेहियों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी समीर कुर्रे के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बेल्ट भी बरामद कर लिया है।
ये आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे:
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में समीर कुर्रे (19 वर्ष, मेला मैदान मोंगरा बस्ती), आशीष कुमार पाटले (29 वर्ष, मोंगरा बस्ती), अमन कुमार कुर्रे (24 वर्ष, मोंगरा बस्ती) और हेमलाल कुर्रे (42 वर्ष, मोंगरा बस्ती) शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में कुछ अन्य आरोपी भी शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।





