*ग्राम लिमतरा में हर्षोल्लास से मनाया भोजली उत्सव*


जिला रिपोर्टर सक्ती- उदय मधुकर
सक्ती ।। सक्ती विकासखंड के ग्राम पंचायत लिमतरा में 29अगस्त को भोजली उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लिमतरा में आयोजित इस पारंपरिक भोजली उत्सव कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती मालती भारद्वाज मनहरण भारद्वाज सहित सभी पंचगण एवं ग्राम के गणमान्य नागरिकों सहित सभी माताओं -बहनों की मौजूदगी में भोजली विसर्जन किया गया। रिमझिम फुहारों के बीच गांव की महिलाएं ‘देवी गंगा देवी गंगा लहरा तुरंगा हो रहा तुरंगा’ भोजली गीत गाते हुए भोजली दाई की महिमा का बखान करते नजर आ रही थीं। विदित हो कि ग्राम लिमतरा में हर साल भोजली उत्सव बड़े ही धूम-धाम से पारंपरिक रीति रिवाज व मान्यतानुसार मनाई जाती है। इस अवसर पर गांव में बोआई गई सभी भोजली को चौक चौराहों पर इकट्ठा कर उत्कृष्ट भोजली को पुरस्कृत भी किया जाता है। इसके पश्चात भोजली विसर्जन किया जाता है। भोजली विसर्जन पश्चात सभी ग्रामवासी एक दूसरे को भोजली भेंटकर आपसी प्रेम व सौहार्द के भाव को और भी मजबूत बनाते हैं। मान्यता है कि भोजली जहां अटूट मित्रता का प्रतीक माना जाता है वहीं ओर भोजली का अच्छा होना अच्छे फसल होने का भी संकेतक समझा जाता है।






