CG NEWS : नशे ने ली जान! छत से गिरकर युवक की मौत, मामले की जांच शुरू

धमतरी : जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के आमापारा में एक युवक की घर की छत से करीब 20 फीट नीचे गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के आमापारा स्थित बनिया तालाब के पास रहने वाले अनिल पटेल शनिवार को नशे की हालत में अपने घर की छत पर चढ़े हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उनका संतुलन अचानक बिगड़ गया और वे सीधे छत से नीचे आ गिरे। करीब 20 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण युवक को गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।






