अघोर आश्रम बोईरडीह में श्रद्धा, विश्वास के साथ मनाया अघोरेश्वर महाप्रभु भगवान राम का महापरिनिर्वाण दिवस
जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

समाज में वैमनस्य अच्छी बात नहीं इसकी जगह दिलों में आपसी प्रेम, करूणा व मैत्री का भाव जगाएं- पुनीत शाही बाबा अघोर संत
सक्ती सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोईरडीह में संचालित अघोर पीठ जनसेवा अभेद आश्रम बोईरडीह में 29 नवंबर, रविवार को अघोरेश्वर भगवान राम का महापरिनिर्वाण दिवस अघोर संत बाबा पुनीत साही के मार्गदर्शन में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति, विश्वास के साथ गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर अघोर पीठ आश्रम बोईरडीह में पूजा पाठ, हवन, कीर्तन व भंडारा प्रसाद का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रतिवर्ष की भांति इस साल भी अघोरपीठ आश्रम की तरफ से आश्रम के शिष्यों ने अघोर संत बाबा पुनीत साही के निर्देशन में ग्राम बोईरडीह में घर-घर जाकर दीन-दुखियों व जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरण किया। इस अवसर पर अघोर संत बाबा पुनीत शाही ने अपने आशीर्वचन में कहा कि हाल के वर्षों में भारत वर्ष में विकास तो बहुत हुआ है पर उसके मुकाबले में देश में लोगों का नैतिक पतन भी बहुत तेजी से हुआ है। जिसके चलते समाज में लोगों के बीच वैमनस्य भी बढ़ा है। ये आश्रम की व्यवस्था भी अघोरेश्वर महाप्रभु भगवान राम ने इसीलिए बनाई और हम लोगो को आश्रम से जोंड़ कर ये संदेश दिया कि आश्रम से जुड़ने वाले आप सभी समाज में लोगों को नैतिकता की प्रेरणा दें। हम स्वयं करें जैसा व्यवहार हम यहां आश्रम में करते हैं। देखिए आश्रम में भाईचारा, करूणा, प्रेम, जात-पात, ऊंच-नीच जैसी कोई भाव नहीं है। यहां सभी एक दूसरे से प्रेम करते हैं । सब एक दूसरे के लिए चिंतन मनन करते हैं; सभी एक दूसरे के लिए सहयोग का भाव रखते हैं।
आप सभी आश्रम से इन सब बातों की प्रेरणा लेकर समाज में लोगों के मन में यही भाव फैलाएं। आप सभी समाज में दीन-दुखी, पीड़ित तथा दबे कुचले लोगों का साथ दीजिए । सबको साथ लेकर आगे बढ़िए। क्योंकि समाज में लोगों के बीच वैमनस्य अच्छी बात नहीं है। इससे समाज व व्यक्तियों को क्षति पहुंचती है। अघोर संत शाही बाबा ने आगे कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि समाज में सब एक दूसरे से प्रेम करें। सबके लिए सहयोग का भाव रखें सभी के दुख सुख में शामिल हों। सबके लिए प्रेम व सम्मान का भाव रखते हुए समाज में दया, मैत्री, करूणा, प्रेम व भाईचारा का भाव दिलों में फैलाएं। इस मौके पर अघोर संत बाबा पुनीत शाही ने अघोरेश्वर महाप्रभु भगवान राम को प्रेरणा बताते हुए उन्हें मानवता का पथ-प्रदर्शक भी बताया ।





