छत्तीसगढ़ में 13 साल की छात्रा से गैंगरेप, तीन युवकों पर अगवा कर वारदात को अंजाम देने का आरोप

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 13 साल की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा को डराकर एक मकान में ले जाया गया, जहां तीन युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती की। घटना के करीब 12 दिन बाद छात्रा ने अपनी मां को आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
*नवनियुक्त ग्राम पटेल रेवती नंदन पटेल का किसानों ने किया अभिनंदन*
पेन खरीदने घर से निकली थी छात्रा
पुलिस के मुताबिक, घटना रनचिरई थाना क्षेत्र की है। पीड़िता गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा आठवीं की छात्रा है। 14 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह पेन खरीदने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान रात करीब 11 बजे परिवार को सूचना मिली कि गांव के कुछ युवक छात्रा को एक परिचित के घर बेहोशी की हालत में लेकर आए हैं। इसके बाद परिजन उसे गुंडरदेही अस्पताल ले गए, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। अगले दिन उसे घर लाया गया।
12 दिन बाद मां को बताई आपबीती
परिजनों के अनुसार, घर लौटने के बाद छात्रा डरी-सहमी और गुमसुम रहने लगी थी। 26 अक्टूबर को उसने अपनी मां को घटना के बारे में बताया।
शिकायत के मुताबिक, दो युवक छात्रा को डराकर एक मकान में ले गए थे, जहां उन्होंने अपने तीसरे साथी को भी बुला लिया। आरोप है कि तीनों छात्रा को मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में ले गए और उसके साथ जबरदस्ती की।
बेटी से पूरी घटना की जानकारी मिलने के बाद उसकी मां 27 अक्टूबर को परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ रनचिरई थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 70(2), 137(2) और 127(2) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) और 6 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की उम्र 17 से 22 साल के बीच बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।
बच्चियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
बालोद की इस घटना के बीच छत्तीसगढ़ में नाबालिग बच्चियों के खिलाफ अपराधों को लेकर चिंता बढ़ी है। हाल ही में कोरबा में 7 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या तथा जांजगीर जिले में 13 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले भी सामने आए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने बच्चों की सुरक्षा और उनकी शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई की जरूरत को फिर से चर्चा में ला दिया है।





