
तेलंगाना के कामारेड्डी जिले में SBI के एटीएम से नकदी चोरी का मामला सामने आया है। यहां बदमाश एंबुलेंस से पहुंचे और पहचान छिपाने के लिए महिलाओं की नाइटी व चेहरे पर मास्क पहनकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने कटर मशीन की मदद से एटीएम को काटा और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
यह वारदात रविवार देर रात करीब 1:30 बजे गंधारी मंडल मुख्यालय में हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एटीएम काटने के लिए कटर मशीन का इस्तेमाल
जानकारी के मुताबिक, कामारेड्डी-बांसवाड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित SBI के एटीएम को निशाना बनाया गया। बदमाश एंबुलेंस से मौके पर पहुंचे थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने नाइटी और मास्क पहन रखे थे।
सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर दो बदमाश एटीएम के अंदर कटर मशीन से तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने कटर मशीन को बिजली के तार से जोड़कर एटीएम काटने की कोशिश की। काफी देर तक मशीन पर काम करने के बाद वे नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह क्षतिग्रस्त मिला ATM
वारदात के बाद सुबह स्थानीय लोगों ने एटीएम को क्षतिग्रस्त हालत में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही गंधारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से एटीएम से चोरी हुई नकदी की वास्तविक रकम का आकलन किया जा रहा है।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
फिलहाल एटीएम से कितनी नकदी चोरी हुई है, इसका सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही एटीएम में घटना से पहले मौजूद नकदी, हाल में निकाली गई रकम और शेष राशि का मिलान किया जा रहा है।
एंबुलेंस से पहुंचने और नाइटी-मास्क पहनकर वारदात को अंजाम देने के तरीके ने इस घटना को चर्चा में ला दिया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने और चोरी की पूरी रकम का आकलन करने में जुटी हुई है।





