छत्तीसगढ़: विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत तीन की मौत, मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा

मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सड़क हादसे में विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना जरहागांव थाना क्षेत्र के दशरंगपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल तीनों लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
विधायक के भाई समेत तीन ने गंवाई जान
इस हादसे में मृतकों की पहचान अधीन मोहले निवासी आवासपारा दशरंगपुर, बल्लू बघेल पिता तिजऊ राम और गंगा राम निवासी रेहुंटा के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई।
अपने भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत की सूचना मिलने पर विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने तीनों मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भाजपा नेता, कार्यकर्ता और विधायक के समर्थक भी अस्पताल पहुंचे।
हादसे के बाद पिकअप चालक फरार
घटना के बाद मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





