CG News: घर में घुसा तेंदुआ, 6 लोगों पर किया हमला; 3 की हालत गंभीर, परिवार ने कमरे में बंद कर बचाई जान

महासमुंद : जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात एक तेंदुआ अचानक एक घर में घुस गया। तेंदुए ने यादव परिवार के 6 सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया।
6 साल की बच्ची से दरिंदगी का आरोप, 45 वर्षीय मकान मालिक हिरासत में; परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
जानकारी के मुताबिक, घटना देर रात करीब डेढ़ बजे की है। यादव परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान उत्तरी बाई बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं। तभी उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और इसके बाद घर के अंदर घुस गया। घर में मौजूद अन्य लोगों पर भी तेंदुए ने हमला किया।
तेंदुए के हमले में सरजू यादव (60), जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं। उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोटें आई हैं। वहीं सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट लगी है, जबकि मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। घटना के समय घर में करीब 10 लोग मौजूद थे।
हमले के दौरान परिवार के सदस्यों ने सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। जनक यादव, उत्तरी बाई समेत परिवार के अन्य लोगों ने किसी तरह तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। इससे तेंदुए को बाहर निकलने से रोका जा सका और परिवार के बाकी सदस्यों को सुरक्षित रहने का मौका मिला।
CG CRIME: ज्वेलरी दुकान में बड़ी सेंधमारी, 8 से 10 लाख के जेवर चोरी; पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
घटना की सूचना मिलने के बाद 112 की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई है। फिलहाल तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है और वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई में जुटी हुई है।





