
बिलासपुर : सरकंडा क्षेत्र के महामाया चौक के पास दो बाइक में जोरदार भिडंत हो गई। हादसे में घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। वहीं, अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर सरकंडा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है।
अमेरी में रहने वाले निशांत उपाध्याय प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। मंगलवार की शाम वह अपने दोस्त को उसके घर छोड़ने के लिए जा रहे थे। बाइक सवार निशांत और उसके दोस्त महामाया चौक के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक के चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में निशांत के सिर और शरीर के अन्य हिस्से में चोटे आई। वहीं, उसके दोस्त को मामूली चोटे आई थी।
आसपास के लोगों ने घायल निशांत और उसके दोस्त को सिम्स पहुंचाया। यहां पर निशांत को भर्ती कर उपचार किया जा रहा था। उपचार के दौरान बुधवार को निशांत की मौत हो गई। सिम्स चौकी पुलिस ने इसकी जानकारी सरकंडा पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने बुधवार को शव का पीएम कराया है।
पढ़ाई में होशियार, नेहरू नगर में रहता था किराए पर
निशांत पढ़ाई में होशियार था। उनकी मां शशि उपाध्याय निजी स्कूल में टीचर है। उनके पिता अक्षय उर्जा विभाग में कोरिया में पदस्थ है। अमेरी स्थित मकान में नेटवर्क प्राब्लम के चलते निशांत पढ़ाई के लिए नेहरू नगर में किराए का मकान लेकर रहते थे। यहीं से वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।