सियान गुड़ी में प्रशिक्षु कलेक्टर इशांत जायसवाल एवं उप संचालक हरीश सक्सेना का आत्मीय स्वागत

सियान गुड़ी में प्रशिक्षु कलेक्टर इशांत जायसवाल एवं उप संचालक हरीश सक्सेना का आत्मीय स्वागत

कोरबा। सियान गुड़ी, कोरबा में प्रशिक्षु कलेक्टर इशांत जायसवाल एवं उप संचालक, समाज कल्याण विभाग हरीश सक्सेना जी का आगमन हुआ। इस अवसर पर सियान गुड़ी में उपस्थित बुजुर्गों द्वारा दोनों अधिकारियों का हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया।
प्रशिक्षु कलेक्टर इशांत जायसवाल ने बुजुर्गों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनके जीवन से जुड़ी समस्याओं, आवश्यकताओं और अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने बुजुर्गों के साथ मनोरंजक खेलों में भी सहभागिता की तथा उनकी समस्याओं के समाधान के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस दौरान बुजुर्गों ने भी अपने जीवन के सुख-दुख, संघर्षों और अनुभवों को अधिकारियों के साथ साझा किया। बुजुर्गों और अधिकारियों के बीच हुआ यह सहज एवं आत्मीय संवाद सभी के लिए विशेष रहा।
कार्यक्रम में रामलाल सेवईया दादा द्वारा गीत-संगीत की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिससे सियान गुड़ी का वातावरण खुशनुमा हो गया और बुजुर्गों का भरपूर मनोरंजन हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सियान गुड़ी के बुजुर्गों द्वारा प्रशिक्षु कलेक्टर श्री इशांत जायसवाल जी एवं उप संचालक समाज कल्याण विभाग हरीश सक्सेना को सियान गुड़ी का प्रतीक चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। बुजुर्गों ने उनके आगमन, आत्मीय संवाद एवं समय देने के लिए श्रद्धापूर्वक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
यह अवसर सियान गुड़ी के बुजुर्गों के लिए बेहद यादगार रहा। अधिकारियों द्वारा बुजुर्गों के साथ बैठकर उनकी बातें सुनना और उनके साथ समय बिताना उनके प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं अपनत्व का भाव प्रदर्शित करता है।





