राजा गुरु बालदास साहेब एवं जीवतारण गुरु सोमेश बाबा के सानिध्य में होगा सतनाम धर्म महासभा जिला सक्ती का गठन
जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

22 नवंबर को सतनाम भवन सक्ती में जुटेंगे सतनामी समाज के सामाजिक बंधु, जिला अध्यक्ष एवं जिला समिति के गठन सहित सामाजिक उत्थान पर होगी चर्चा
सक्ती। सतनामी समाज की एकता, सामाजिक जागरूकता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने तथा समाज के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से सतनाम धर्म महासभा, जिला सक्ती के जिला अध्यक्ष एवं जिला समिति के गठन हेतु 22 नवंबर 2026, रविवार को प्रातः 11 बजे सतनाम भवन, सक्ती में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
उक्त बैठक राजा गुरु धर्म गुरु गुरु बालदास साहेब जी के पावन सानिध्य, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में संपन्न होगी। इस अवसर पर उनके द्वितीय पुत्र जीवतारण गुरु धर्म गुरु गुरु सोमेश बाबा जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। साथ ही गुरु प्रतिनिधि विजय डहरिया जी एवं सतनाम धर्म महासभा के केंद्रीय पदाधिकारियों की विशेष उपस्थिति में जिला स्तरीय गठन की प्रक्रिया एवं समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में सतनाम धर्म महासभा जिला सक्ती के जिला अध्यक्ष एवं जिला समिति का गठन प्रमुख एजेंडा रहेगा। इसके साथ ही बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, समानता, मानवता एवं सामाजिक सद्भाव के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने, समाज में व्याप्त नशाखोरी एवं सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, रोजगार एवं युवाओं के उज्ज्वल भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक का उद्देश्य समाज को एकजुट कर एक सशक्त, शिक्षित, जागरूक, नशामुक्त एवं आत्मनिर्भर समाज का निर्माण करना है। समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, विशिष्ट पहचान तथा सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के साथ भावी पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सकारात्मक एवं रचनात्मक पहल करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
आयोजकों ने जिला सक्ती के समस्त सतनामी समाज के सामाजिक बंधुओं, माताओं-बहनों, युवाओं, वरिष्ठजनों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं समाजहित में समर्पित सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती केवल विचारों से नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता, आपसी सहयोग, शिक्षा, जागरूकता एवं सकारात्मक प्रयासों से संभव है। इसलिए यह बैठक समाज को नई दिशा देने तथा एकजुट होकर भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।





