सियान गुड़ी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तुलसी विवाह, बुजुर्गों के चेहरों पर खिली मुस्कान
सतपाल सिंह


सियान गुड़ी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तुलसी विवाह, बुजुर्गों के चेहरों पर खिली मुस्कान.. 
कोरबा। तुलसी विवाह के पावन अवसर पर ‘जय शकुन्तला वेलफेयर फाउंडेशन’ द्वारा संचालित ‘सियान गुड़ी’ में वरिष्ठ नागरिकों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों और पूरे हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया गया। इस विशेष आयोजन में आश्रम के बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय और उत्सव के माहौल में रंगा नजर आया। बुजुर्गों ने न केवल धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया, बल्कि भजन-कीर्तन और आपसी संवाद के माध्यम से एक-दूसरे के साथ खुशियाँ, अपनापन और प्रेम साझा किया।
इस अवसर पर जय शकुन्तला वेलफेयर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘सियान गुड़ी’ की स्थापना का मुख्य उद्देश्य केवल वरिष्ठ नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि उनके जीवन में खुशियां, सम्मान, सामाजिक जुड़ाव और परिवार जैसा अपनत्व का वातावरण तैयार करना है। संस्था का निरंतर प्रयास है कि जीवन के इस पड़ाव में बुजुर्ग स्वयं को अकेला महसूस न करें, बल्कि समाज की मुख्यधारा और हर छोटे-बड़े त्योहार की खुशियों का हिस्सा बनें। अंत में संस्था की ओर से कहा गया कि बुजुर्गों के चेहरे की मुस्कान और उनका आशीर्वाद ही ‘सियान गुड़ी’ की सबसे बड़ी पूंजी और खुशी है।





