CG में मां और दो बच्चों की संदिग्ध मौत, जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका से मचा हड़कंप

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां एक महिला और उसके दो बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। शुरुआती जानकारी में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिलासपुर में बदमाश की दबंगई! समझाइश देने पहुंचे TI से की बदसलूकी, हाथापाई और धक्का-मुक्की की कोशिश
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत
जानकारी के मुताबिक, घटना गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के सुकली गांव की है। मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), उनके बेटे चिराग दास मानिकपुरी (10 वर्ष) और दिव्यांश मानिकपुरी (5 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात पुलिस को एक ही परिवार के तीन सदस्यों के अचेत अवस्था में होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से तीनों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला ने बच्चों को भोजन में जहरीला पदार्थ दिया और बाद में खुद भी उसका सेवन किया। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हुई हैं।
छत्तीसगढ़ में कारोबारी की मौत से सनसनी, 50 लाख की ठगी और भारी कर्ज का मामला आया सामने
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सुकली गांव में मातम पसरा हुआ है।





