धान खरीदी केंद्र के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम, महिला ने पिया जहर; उपसरपंच और प्रबंधक पर 50 हजार मांगने का आरोप

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही खरीदी केंद्र को लेकर विवाद गहरा गया है। नवागढ़ ब्लॉक के सिउड़ गांव में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम के सामने एक महिला ने जहरीला पदार्थ पी लिया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
महिला विजय कुमारी धीवर ने गांव के उपसरपंच, धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक और एक अन्य व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि अतिक्रमण नहीं हटाने के बदले उससे 50 हजार रुपये मांगे गए थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
बिलासपुर में बदमाश की दबंगई! समझाइश देने पहुंचे TI से की बदसलूकी, हाथापाई और धक्का-मुक्की की कोशिश
50 हजार रुपये मांगने और मकान तोड़ने की धमकी का आरोप
जानकारी के मुताबिक, सिउड़ गांव का धान खरीदी केंद्र स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और आसपास बने मकानों से घिरा हुआ है। इसी परिसर के पास विजय कुमारी धीवर अपनी बेटी के साथ एक छोटे से झोपड़ीनुमा मकान में रहती है। बताया गया है कि करीब छह महीने पहले उसने ईंटों की छोटी दीवार बनाकर तीन फीट के हिस्से में टीन की छत डालकर रहने की व्यवस्था की थी।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक राजू और गांव के उपसरपंच ने उससे 50 हजार रुपये की मांग की थी। रकम नहीं देने पर मकान तुड़वाने की धमकी भी दी गई थी।
मकान तोड़ने पहुंची टीम के सामने महिला ने उठाया कदम
बताया जा रहा है कि बुधवार को खरीदी केंद्र प्रबंधक और उपसरपंच जेसीबी मशीन लेकर महिला का मकान हटाने पहुंचे थे। इस दौरान नवागढ़ तहसीलदार और पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही महिला और वहां मौजूद लोगों के बीच विवाद हो गया। इसी बीच महिला ने अपने घर में रखा जहरीला पदार्थ पी लिया।
घटना के बाद तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। उसकी हालत को देखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोक दी गई और राजस्व टीम वापस लौट गई।
मां ने लगाई बेटी का घर नहीं तोड़ने की गुहार
महिला की बुजुर्ग मां ने आरोप लगाया कि धान खरीदी केंद्र के आसपास कई बड़े मकान बने हुए हैं, लेकिन कार्रवाई के लिए केवल उनकी बेटी के छोटे से झोपड़ीनुमा मकान को निशाना बनाया गया। उनका दावा है कि बेटी द्वारा पैसे नहीं देने के कारण मकान तोड़ने की कार्रवाई की जा रही थी। उन्होंने प्रशासन से बेटी की जान बचाने और मकान नहीं तोड़ने की गुहार लगाई है।
तहसीलदार ने पंचायत स्तर की कार्रवाई बताया
नवागढ़ तहसीलदार के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ग्राम पंचायत स्तर पर की जा रही थी। कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद कार्रवाई रोक दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया महिला का बयान
घटना की सूचना मिलने पर नवागढ़ पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और महिला का बयान दर्ज किया। महिला ने अपने बयान में तीन लोगों पर प्रताड़ित करने और मकान तोड़ने की कार्रवाई के लिए मशीन व अधिकारियों को बुलाकर डराने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
धान खरीदी केंद्र के स्थानांतरण के निर्देश, फिर भी तैयारी अधूरी
जानकारी के अनुसार, सिउड़ धान खरीदी केंद्र में किसानों की उपज रखने और तौल करने के लिए तीन चबूतरे बनाए गए हैं। इस वर्ष शासन की ओर से धान का तत्काल परिवहन नहीं किए जाने के निर्देश हैं। ऐसे में खरीदी केंद्र का परिसर पर्याप्त बड़ा रखने की जरूरत है। इसी वजह से सिउड़ धान खरीदी केंद्र को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके बावजूद नए स्थान पर खरीदी केंद्र शुरू करने की तैयारियां पूरी नहीं होने की बात सामने आई है। वहीं, लाखों रुपये के बारदाने खुले में पड़े होने की जानकारी भी मिली है। ऐसे में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही केंद्र की व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है।





