छत्तीसगढ़ में कारोबारी की मौत से सनसनी, 50 लाख की ठगी और भारी कर्ज का मामला आया सामने

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक 36 वर्षीय व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा बाईपास के पास एक बबूल के पेड़ पर उसका शव मिला। मृतक की पहचान ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की। इस दौरान मृतक की जेब से 19 पन्नों का सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने आई है। नोट में आर्थिक परेशानियों, कर्ज और करीब 50 लाख रुपये की कथित ठगी का उल्लेख किया गया है। पुलिस सुसाइड नोट की लिखावट और उसमें किए गए दावों की जांच कर रही है।
स्कूल बंद होने से बढ़ी आर्थिक परेशानी, 50 लाख की ठगी का भी जिक्र
पुलिस को मिले सुसाइड नोट के अनुसार, शिवचरण साहू ने कोरोना काल के दौरान एक स्कूल शुरू किया था। हालांकि, लॉकडाउन के कारण स्कूल बंद करना पड़ा, जिससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद वह लंबे समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था।
नोट में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर 50 लाख रुपये की ठगी किए जाने का भी जिक्र है। बताया जा रहा है कि कोरोना काल में एक बिचौलिए की मौत के बाद वह कर्ज के बोझ में आ गया था। सुसाइड नोट में लेनदारों की ओर से कथित दबाव और प्रताड़ना का भी उल्लेख किया गया है।
सुसाइड नोट की जांच कर रही पुलिस
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। मृतक के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज से जुड़ी बातें सामने आई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस मृतक के परिजनों और परिचितों से भी संपर्क कर रही है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों और 50 लाख रुपये की कथित ठगी से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।





