CG Crime News: सफाईकर्मी की चाकू मारकर हत्या, दो नाबालिग हिरासत में, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में नगर निगम के एक सफाईकर्मी की हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर 26 वर्षीय सफाईकर्मी अविनाश परिहार उर्फ नासो की जान ले ली। घटना के बाद पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, मृतक के परिजनों ने इस वारदात में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ड्यूटी पर जाने के बाद घर नहीं लौटे अविनाश
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, अविनाश परिहार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर पर नाश्ता करने आए थे। इसके बाद वह नगर निगम में अपनी ड्यूटी के लिए निकल गए। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो उनकी पत्नी पद्मा निर्मलकर ने एक परिचित से उनके बारे में जानकारी ली।
परिचित ने बताया कि अविनाश सिद्धार्थ नगर स्थित ग्राउंड में कुछ युवकों के साथ बैठे हैं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच उन पर हमले की जानकारी मिली। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
भांजे ने दो नाबालिगों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे अपने मामा के घर पहुंचा था। मामी से पूछने पर उसे पता चला कि अविनाश हाजिरी दिलाने गए हैं। इसके बाद वह उनकी तलाश में बताए गए स्थान पर पहुंचा।
अरमान के मुताबिक, वहां पहुंचने पर उसे मामा की आवाज सुनाई दी। वह तुरंत उस ओर दौड़ा तो अविनाश जमीन पर पड़े थे और दो नाबालिग उन पर चाकू से हमला कर रहे थे। अरमान का कहना है कि उसे देखकर दोनों युवक मौके से भाग निकले।
हत्या में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या में अन्य लोगों की भूमिका होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि इस मामले में केवल दो नाबालिगों की संलिप्तता मानकर जांच सीमित नहीं की जानी चाहिए। परिजनों ने पुलिस से वारदात के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाने और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और क्या इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।





