जांजगीर में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, नकाबपोश बदमाशों ने महिला से मारपीट कर लूटे जेवर

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अमरैया पारा वार्ड नंबर 23 में दो नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर अकेली महिला के साथ मारपीट की और लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात समेत 8 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे महिला घर में अकेली थी। उसके पति स्कूल गए थे, जबकि सास-ससुर किसी काम से बिलासपुर गए हुए थे। इसी दौरान महिला को छत पर किसी के चलने की आवाज सुनाई दी। बाहर जाकर देखने पर उसे गमछे से चेहरा ढके दो युवक नजर आए। आरोप है कि दोनों ने महिला को पकड़कर कमरे में ले गए और अलमारी की चाबी मांगने लगे। महिला ने चाबी नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद बदमाशों ने घर में तलाशी ली और अलमारी की चाबी हासिल कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
CG CRIME: मड़ई मेले में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, आइसक्रीम बेचने आए युवक पर जानलेवा हमला
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, पीड़िता द्वारा बताए गए आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।





