रायगढ़ के कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर नितिन नबीन का बड़ा बयान, बोले- अब भी सक्रिय हैं ‘दिमागी नक्सली’

रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने लोगों से ऐसे लोगों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग अलग-अलग संगठनों में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। नबीन ने कहा कि सरकार अपने काम और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए ऐसे लोगों को जवाब देगी।
नितिन नबीन रविवार को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें व्यक्तिगत रूप से शामिल होना था, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका विमान धरमजयगढ़ में लैंड नहीं कर सका। इसके बाद उनका दौरा रद्द कर दिया गया और उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।
जंगलों से हथियारबंद नक्सली खत्म, अब ‘दिमागी नक्सलियों’ से सतर्क रहने की जरूरत
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से नक्सलवाद को समाप्त करने का संकल्प लिया है। केंद्र और राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनकी पूरी टीम को प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कराने के प्रयासों के लिए बधाई दी। साथ ही माओवादियों के खिलाफ अभियान में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नबीन ने कहा कि बस्तर के जिन इलाकों में कभी बच्चों और युवाओं को बंदूक चलाने की ट्रेनिंग दी जाती थी, वहां अब खेल के मैदान बन रहे हैं। बच्चों को शिक्षा और खेलों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन कुछ ‘दिमागी नक्सली’ अब भी सक्रिय हैं। ऐसे लोग अलग-अलग संगठनों में नेतृत्व के पदों पर बैठे हुए हैं।
नितिन नबीन ने बताईं ‘दिमागी नक्सलियों’ की तीन श्रेणियां
नितिन नबीन ने अपने संबोधन में तीन तरह के लोगों से सावधान रहने की बात कही। पहली श्रेणी में उन्होंने ऐसे लोगों को रखा, जो शहरों में एयर कंडीशनर वाले कमरों में बैठकर नीतियां बनाते हैं और बच्चों को क्रांति की बातें करने के लिए प्रेरित करते हैं।
दूसरी श्रेणी में ऐसे लोगों का जिक्र किया, जो संविधान का हवाला देकर लोगों को लोकतंत्र के खिलाफ भड़काते हैं। वहीं, तीसरी श्रेणी में उन्होंने उन लोगों को शामिल किया, जो विभिन्न संगठनों के जरिए ऐसे विचारों को बढ़ावा देते हैं।
नबीन ने कहा कि इन तीनों तरह के लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि सरकार अपनी विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से ऐसे लोगों को जवाब देगी।
कांग्रेस पर आदिवासियों को हाशिये पर रखने का आरोप
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक आदिवासी समुदाय को हाशिये पर रखा और उनके वोटों का इस्तेमाल केवल राजनीतिक फायदे के लिए किया।
नबीन ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना की गई थी। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी आदिवासी समुदाय के विकास के साथ-साथ उसे नेतृत्व की जिम्मेदारी देने का भी काम करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार आदिवासी समुदाय का जीवन स्तर सुधारने और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।





