दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर चल रही थी बहस, काल बनकर आया ट्रेलर; चार युवकों को रौंदा, दो की मौत
राजू सैनी

खबर अपडेट कोरबा – दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर चल रही थी बहस, काल बनकर आया ट्रेलर; चार युवकों को रौंदा, दो की मौत
बांकी मोंगरा में दर्दनाक हादसे के बाद चक्काजाम, मुआवजे और चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग पर घंटों डटे रहे ग्रामीण.. 
कोरबा। बांकी मोंगरा में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे चार युवक आपस में बातचीत और बहस कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लोड ट्रेलर ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं।
हमारे संवाददाता राजू सैनी से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा बांकी मोंगरा से कुसमुंडा की ओर जाने वाले दो नंबर खदान मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास हुआ। इसी स्थान से घुड़देवा बायपास मार्ग भी जुड़ता है।
बताया जा रहा है कि मार्केट की ओर जा रही एक स्प्लेंडर बाइक और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। दोनों वाहनों पर दो-दो युवक सवार थे। टक्कर के बाद चारों युवक सड़क पर गिर गए और इसी दौरान आपस में बहस करने लगे।
इसी बीच कुसमुंडा-सुराकछार की ओर से कोयला लोड कर आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक CG 04 JB 3963 ने सड़क पर मौजूद युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दो अन्य घायलों का उपचार जारी है।
मृतकों की पहचान बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम रोहिणा निवासी तुलसी दास और आनंद राम यादव के रूप में हुई है।
हादसे के बाद ग्रामीणों का फूटा आक्रोश
घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, दो युवकों की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को सड़क जाम समाप्त करने की समझाइश दी, लेकिन ग्रामीण मुआवजे और ट्रेलर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों सड़क पर डटे रहे।
रात करीब 10 बजे बनी सहमति, तब खत्म हुआ चक्काजाम
काफी देर तक चले गतिरोध के बाद दोनों मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से 25-25 हजार रुपये तथा ट्रेलर मालिक की ओर से भी 25-25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों और चालक की भूमिका को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।





