KorbaChhattisgarhNATIONAL

बिजली की आंख-मिचौली से परेशान बांकी मोंगरा-कुसमुंडा के लोग, विपक्षी पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन

राजू सैनी

Jas

बिजली की आंख-मिचौली से परेशान बांकी मोंगरा-कुसमुंडा के लोग, विपक्षी पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन

अघोषित बिजली कटौती, जर्जर खंभों और लटकते तारों को लेकर विद्युत अधिकारी से की शिकायत; 7 दिन में समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी…

कोरबा। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा क्षेत्र में लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था के खिलाफ विपक्षी पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। अघोषित बिजली कटौती, जर्जर विद्युत खंभों और लटकते तारों की समस्या को लेकर पार्षदों ने विद्युत विभाग के एई पंकज सिंह नरपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने समस्याओं का जल्द निराकरण करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

विपक्षी पार्षदों ने कहा कि बांकी मोंगरा एवं कुसमुंडा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। हल्की हवा चलने पर बिजली गुल हो जाती है और बारिश की कुछ बूंदें गिरते ही विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी जाती है। लगातार बिजली की आंख-मिचौली से आमजन परेशान हैं।

पार्षदों का कहना है कि मौसम खराब होने पर बिजली बंद होने की स्थिति को लोग कुछ हद तक समझ सकते हैं, लेकिन बिना किसी स्पष्ट कारण के घंटों बिजली कटौती किया जाना समझ से परे है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में किए गए वादे भी नहीं हुए पूरे

विपक्षी पार्षदों ने बताया कि कुछ माह पूर्व नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा कार्यालय में विद्युत समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में समस्याओं का बिंदुवार निराकरण एक माह के भीतर करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय सीमा बीत जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

उनका आरोप है कि अब तक कई जर्जर विद्युत खंभे नहीं बदले गए हैं और लटकते तारों की समस्या भी बनी हुई है। दूसरी ओर, उपभोक्ताओं के बिजली बिल लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों का कहना है कि उन्हें समाधान के बजाय लगातार आश्वासन ही मिल रहा है।

7 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास सहित विपक्षी पार्षदों ने विद्युत विभाग से मांग की कि अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए, क्षतिग्रस्त एवं जर्जर विद्युत खंभों को बदला जाए और लटकते तारों की मरम्मत कर विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि 7 दिवस के भीतर विद्युत संबंधी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो विपक्षी पार्षदों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन की स्थिति में इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, पार्षद तेजप्रताप सिंह, पवन गुप्ता, संदीप डहरिया, मंडल अध्यक्ष यशपाल कंवर एवं ब्लॉक अध्यक्ष एनएसयूआई प्रमोद कारके सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Om Gavel Bureau Korba

State Affairs Reporter Om Gavel is a state and local affairs reporter focusing on administration, development projects, and civic issues, local news in Chhattisgarh. His work highlights grassroots concerns and governance-related developments and all local activity in concern with crime and administration. Areas of Expertise • State administration • Infrastructure and development • Civic and public issues • Field reporting and all local issue Editorial Responsibility Om Gavel follows source verification guidelines and ensures responsible, fact-based reporting. 📧 Contact: humara.kusmunda.omgavel@gmail.com Profile Last Updated: 16 January 2026